घूमते हुए पड़ोसी के प्लाट में चला गया था पालतू कुत्ता, पीट-पीटकर मार डाला
थाने के घेराव और प्रदर्शन के बाद हरकत में आई पुलिस

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, शिवपुरी। फिजिकल थानांतर्गत शहर की शांति नगर कॉलोनी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक पालतू कुत्ते को सिर्फ इसलिए बेरहमी से डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया क्योंकि वह घूमते हुए पड़ोस के प्लाट में चला गया था। घटना के बाद आक्रोशित परिवार कुत्ते के शव को थाना परिसर में रखकर प्रदर्शन करने को मजबूर हो गया। फरियादिया प्रीति पत्नी रजनेश परिहार उम्र 35 साल निवासी शांति नगर कॉलोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रीति ने बताया कि उनका पालतू लेब्रा डॉग 31 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:00 बजे घर से घूमते-घूमते कहीं चला गया था। वह उसे तलाश रही थीं। तलाशते हुए वह प्लाट तरफ गई तो उनके देवर बेमनी ठाकुर और सूरज शर्मा ने बताया कि तुम्हारा कुत्ता गोलू खटीक के प्लाट में चला गया था।आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर गोलू खटीक और उसके ड्राइवर अभिषेक रजक ने कुत्ते को डंडों से इतना पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद महिला कुत्ते के शव को लेकर फिजिकल थाने पहुंची और शव को थाना परिसर में रखकर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने उनकी शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ कुत्ते की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उक्त प्रकरण में दोषी पाए जाने पर आरोपियों को पांच साल तक की कैद या जुर्माना अथवा दोनों सजाओं से दंडित किया जा सकता है।





