ग्राहक बनकर आए और उड़ा ले गए महंगे स्मार्टफोन
सीसीटीवी फुटेज और कार नंबर से आरोपियों की तलाश तेज

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि ग्वालियर। शहर के डीबी मॉल में स्थित ‘वी कम्यूनिकेट’ मोबाइल स्टोर के संचालक आशीष कालानी के साथ करीब 3 लाख रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 9 मार्च को दो शातिर युवक दुकान पर ग्राहक बनकर आए और चोरी के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 1,59,863 रुपये का प्रीमियम सैमसंग जेड फोल्ड-7 स्मार्टफोन खरीद लिया। आरोपियों ने बिल पर फर्जी नाम और नंबर दर्ज कराया। हौसले इतने बुलंद थे कि अगले ही दिन, 10 मार्च को दोनों आरोपी दोबारा स्टोर पहुंचे और उसी क्रेडिट कार्ड से करीब 1.40 लाख रुपये की कीमत का सैमसंग एस-26 अल्ट्रा मोबाइल भी खरीद लिया। इस बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब 30 मार्च को यस बैंक ने स्टोर संचालक के खाते में जमा राशि में से पहली खरीदारी की रकम होल्ड पर डाल दी। बैंक से संपर्क करने पर पता चला कि कार्ड चोरी का था और असली कार्डधारक ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
स्टोर संचालक की शिकायत पर पड़ाव थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव के अनुसार, दोनों आरोपी दुकान के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं और वे एक काले रंग की कार से आए थे। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम सीसीटीवी फुटेज, फर्जी मोबाइल नंबर और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।




