एमवाय हॉस्पिटल का फार्मासिस्ट निकला करोड़पति:इंदौर में EOW छापे में आय से 108% अधिक संपत्ति मिली

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) इंदौर ने मंगलवार को एमवाय अस्पताल (MYH) में पदस्थ फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की।
शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने सरकारी दवाओं के स्टॉक में कथित गड़बड़ी कर आय से 108 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की थी। जांच में बिना विभागीय अनुमति थाईलैंड यात्रा करने का भी खुलासा हुआ।
छानबीन सुबह 8 बजे से दोपहर करीब 1 बजे तक चली। कार्रवाई पूरी करने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम आवश्यक दस्तावेज लेकर लौट गई। तलाशी के दौरान टीम ने घर से करीब 1 लाख रुपए नकद जब्त किए। इसके अलावा संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और अन्य अहम रिकॉर्ड भी जांच के लिए जब्त किए गए।
2007 में फार्मासिस्ट के पद पर नियुक्ति हुई थी
EOW के अनुसार राकेश गोरखे की साल 2007 में फार्मासिस्ट के पद पर नियुक्ति हुई थी। साल 2015 में उनका मासिक वेतन 18,711 रुपए था, जो 2025 में बढ़कर 54,664 रुपए हो गया। उनकी पत्नी कीर्ति गोरखे वर्ष 2010 से शासकीय दंत चिकित्सालय में लाइब्रेरियन हैं और वर्तमान में उनका मासिक वेतन 42,402 रुपए है।
1.11 करोड़ की आय, 2.13 करोड़ की संपत्ति
जांच में सामने आया कि जांच अवधि (चेक पीरियड) के दौरान दंपती की कुल वैध आय 1 करोड़ 11 लाख 31 हजार 383 रुपए रही, जबकि उनके पास 2 करोड़ 13 लाख 85 हजार रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्ति मिली। यह उनकी वैध आय से करीब 108 प्रतिशत अधिक थी।





