पालघर के आश्रम स्कूल में तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद 7 साल के बच्चे की मौत, 26 छात्र अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के पालघर के मसवन के आश्रम स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ने वाले छात्र को 22 अगस्त को तेज बुखार आया था। उसे इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया। सोमवार को जब उसका बुखार फिर बढ़ गया तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी ने उसके ऑक्सीजन स्तर में गिरावट देखी और उसे एंबुलेंस से मनोर के ग्रामीण अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। अधिकारी ने बताया कि बच्चे को अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सा अधिकारियों ने उसका ईसीजी किया और उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगा।
चिकित्सा दल ने स्कूल परिसर में सभी छात्रों की स्वास्थ्य जांच की
घटना के बाद स्वास्थ्य और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्कूल का दौरा किया। इस स्कूल में कुल 449 छात्र नामांकित हैं, जिनमें से 395 छात्रावास में रहकर पढ़ाई करते हैं। इसके बाद एक चिकित्सा दल ने स्कूल परिसर में सभी छात्रों की स्वास्थ्य जांच की। अधिकारी ने बताया कि एहतियाती कदम के तौर पर सर्दी, खांसी या बुखार के हल्के लक्षण वाले 26 छात्रों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। इन छात्रों को मसवन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।




