सिटी टूर के लिए अधिकतम टिकट दर ₹300 प्रति यात्री होगी
14 सीटर एसी बस में मिलेगी गाइड और ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा

ग्वालियर। प्रदेश में एक ही शहर और आसपास के पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़कर पर्यटकों के लिए सिटी टूर की सुविधा शुरू करने की तैयारी हो रही है। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन में निजी ऑपरेटरों के माध्यम से पर्यटन बस चलाने के लिए प्रक्रिया शुरू की है। इनमें ग्वालियर का प्रस्तावित सर्किट खास है।
इसमें ग्वालियर किला, जयविलास पैलेस एवं संग्रहालय, सूर्य मंदिर, फूलबाग, तानसेन और मोहम्मद गौस की समाधियों के साथ मुरैना के मितावली और पड़ावली के मंदिरों को जोड़ा गया है। भोपाल में अपर लेक, वन विहार, सैर सपाटा, ट्राइबल म्यूजियम, बिरला मंदिर, इंदिरा गांधी संग्रहालय का सर्किट बनाया गया है।
इसी प्रकार इंदौर में राजवाड़ा, कृष्णपुरा छतरी, कांच मंदिर, रालामंडल वन्यजीव अभयारण्य, लालबाग और पातालपानी को रखा गया है। जबलपुर में भेड़ाघाट, धुआंधार फॉल, मदन महल फोर्ट और ग्वारीघाट तथा उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर, श्री महाकाल महालोक, हरसिद्धि मंदिर, रामघाट, कालभैरव, मंगलनाथ मंदिर, जंतर-मंतर और त्रिवेणी संग्रहालय सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों को बस टूर में शामिल किया गया है।
टिकट की दर बाजार के अनुसार तय की जा सकेगी, लेकिन सिटी टूर के लिए अधिकतम टिकट दर सभी करों सहित 300 रुपये प्रति यात्री से अधिक नहीं होगी। पर्यटन विभाग द्वारा जारी किए गए टेंडर के अनुसार प्रत्येक शहर में फोर्स अर्बेनिया या उससे बेहतर बसें ऑपरेटर को उपलब्ध करानी होंगी, जिसमें ड्राइवर को छोड़कर कम से कम 14 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी।





