सुशांत की मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में CBI जांच का आदेश; 2020 में 14वीं मंजिल से गिरी थीं

बॉम्बे हाईकोर्ट ने बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में CBI जांच का आदेश दिया है। कोर्ट ने FIR दर्ज करने और जांच अपने हाथ में लेने का भी निर्देश दिया है। दिशा की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड में एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई थी। वह 28 साल की थीं।
दिशा की मौत के छह दिन बाद, 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत भी मुंबई के बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। दोनों घटनाओं के बीच सिर्फ छह दिन का अंतर होने के कारण दिशा का मामला सुशांत केस के दौरान भी चर्चा में रहा था।
मुंबई पुलिस ने अक्टूबर 2020 में दिशा सालियान की मौत को आत्महत्या मानते हुए जांच बंद कर दी थी। हालांकि, दिशा के पिता सतीश सालियान का आरोप है कि दिशा के साथ गैंगरेप और हत्या हुई और मामले को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने मामले की नए सिरे से जांच और शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे समेत अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की थी।
वकील बोले- आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली समेत कई बड़े नाम FIR में होंगे
सतीश सालियान के वकील निलेश ओझा ने हाईकोर्ट के आदेश की जानकारी देते हुए कहा कि CBI पहले सतीश सालियान का बयान दर्ज करेगी और फिर FIR दर्ज कर जांच शुरू करेगी।
ओझा ने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ जांच में सबूत मिलेगा, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं, अगर किसी व्यक्ति के खिलाफ सबूत नहीं मिलता है तो उसे आरोपी नहीं बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर CBI की रिपोर्ट नकारात्मक आती है, तो परिवार को उस पर आपत्ति जताने और प्रोटेस्ट पिटीशन दाखिल करने का अधिकार रहेगा।
ओझा के मुताबिक, FIR में आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली, डिनो मोरिया, आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड, रिया चक्रवर्ती, परमबीर सिंह, उद्धव ठाकरे, सचिन वाजे और पिछली SIT के उन सदस्यों के नाम भी आरोपी के तौर पर दिए गए हैं, जिन पर मामले को दबाने का आरोप है।




