धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर में विवाद; कोलकाता में दर्ज हुई शिकायत, दुर्गा पूजा में मांस-मछली के प्रयोग पर रखी थी राय

बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री
के एक बयान को लेकर पश्चिम बंगाल में विवाद बढ़ गया है। दुर्गा पूजा के दौरान मांस और मछली खाने को लेकर उनकी कथित टिप्पणी के बाद कोलकाता में उनके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके बयान से बंगाल के लोगों और दुर्गा पूजा की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
भवानीपुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत
यह शिकायत मंगलवार को दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस के अध्यक्ष प्रदीप प्रसाद ने भवानीपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि धीरेंद्र शास्त्री ने हावड़ा के लिलुआ में एक कार्यक्रम के दौरान ऐसी टिप्पणियां कीं, जो राज्य के बंगाली लोगों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाती हैं।
खाने-पीने को लेकर टिप्पणी का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि धीरेंद्र शास्त्री ने दुर्गा पूजा के दौरान क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए, इस बारे में टिप्पणी की। प्रदीप प्रसाद ने शिकायत में लिखा कि इस मामले को लेकर तुरंत प्रशासनिक कर्रवाई होनी चाहिए और FIR दर्ज करके जरूरी गिरफ्तारियां होनी चाहिए। क्योंकि इससे हम बंगालियों का अपमान हुआ है और समाज में अशांति और बंटवारे की स्थिति पैदा हो रही है। जो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण भावना के खिलाफ है।
रविवार को लिलुआ में दिया था बयान बागेश्वर धाम के प्रमुख पुजारी धीरेंद्र शास्त्री रविवार को हावड़ा के लिलुआ में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने मांस और मछली खाने वाले बंगालियों को कथित तौर पर पाखंडी कहा था। उनके इस बयान के बाद विवाद शुरू हो गया। इसके अलावा बंगाल में नवरात्रि के दौरान दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास मांसाहारी खाना खाया जाता है। उन्होंने इसे लेकर भी आपत्ति जताई और कहा कि इस नवरात्रि कोलकाता के हिंदुओं को जागना चाहिए और ऐसे लोगों का बहिष्कार करना चाहिए।


