अयोध्या में रामलला का सूर्य तिलक,नौ मिनट तक भगवान के ललाट पर पड़ीं नीली किरणें

अयोध्या में रामनवमी पर आज यानी शुक्रवार दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में रामलला का सूर्य तिलक किया गया। नौ मिनट तक भगवान के ललाट पर नीली किरणें पड़ीं। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद रामलला का यह दूसरा सूर्य तिलक है। पीएम नरेंद्र मोदी ने टीवी पर इसे लाइव देखा। सूर्य तिलक के साथ ही रामलला का जन्म हो गया।
• तिलक के दौरान ललाट पर 9 मिनट तक नीली किरणें पड़ीं
• पंचामृत से अभिषेक, स्वर्ण जड़ित पीतांबर पहनाया
• राम के दर्शन को अयोध्या में 10 लाख भक्त पहुंचे
• पीएम मोदी ने टीवी पर श्रीराम का सूर्य तिलक देखा
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर अयोध्या नगरी पूरी तरह राममय हो उठी। रामलला के जन्म के शुभ अवसर पर भए प्रकट कृपाला दीनदयाला की स्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कनक भवन और हनुमानगढ़ी में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और नाचते नजर आए। रामभक्तों ने पूरे उत्साह और उल्लास के साथ रामलला का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। इस पावन अवसर पर मौसम ने भी करवट ली। सुबह तक जहां हल्की बारिश और ठंडक के कारण मौसम सख्त बना हुआ था। वहीं, रामजन्म के समय अचानक मौसम साफ हो गया और खिली धूप निकल आई। मंदिर परिसर में भगवान रामलला के ललाट पर पड़ी सूर्य की किरणों को श्रद्धालुओं ने दिव्य अभिषेक के रूप में देखा।इधर, मध्यप्रदेश में रामनवमी के अवसर पर प्रदेश में जगह-जगह आयोजनों किए गए। राजधानी भोपाल में सैकड़ों स्थानों पर भंडारे, मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भव्य शोभायात्राएं निकाली। वहीं इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर में साकेतधाम की आकर्षक सजावट, अखंड रामायण और विशेष अभिषेक-आरती का आयोजन किया। उज्जैन में शिप्रा तट स्थित राम मंदिर में यज्ञ, महाआरती और ऐतिहासिक वीरभद्र ध्वज चल समारोह श्रद्धा का केंद्र रहा। जबलपुर में नर्मदा तट गौरीघाट पर सांस्कृतिक आविर्भाव समारोह के जरिए रामकथा और लोकभक्ति की प्रस्तुति की गई।





