राष्ट्र आजकल/ कैलाश कुशवाह/ धमर्रा,बैरसिया
बैरसिया के बर्री छीरखेड़ा की घाटी पर स्थित सिद्ध श्री हनुमान मंदिर पर सोमवार को पंच कुंडात्मक श्री राम जानकी महायज्ञ का पूर्णाहुती के साथ समापन हुआ। इस यज्ञ में रोजाना भंडारे का आयोजन भी किया गया था जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। यज्ञ विधि विधान से आचार्य पं निरंजन शर्मा,पंडित कपिल शर्मा मंदिर पुजारी पंडित बृजमोहन शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया जिसमें बारह यजमानों ने भाग लिया।मंदिर के पुजारी पंडित बृजमोहन शर्मा ने बताया कि विगत सात वर्षो से लगातार हर वर्ष यहां पर यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।जिसमें हजारों की संख्या में भक्त जन शामिल होते है।जहां यज्ञ होता है, वहां संपूर्ण वातावरण, पवित्र और देवमय बन जाता है। यज्ञवेदी में स्वाहा कहकर देवताओं को भोजन परोसने से मनुष्य को दुख गरीबी और कष्टों से छुटकारा मिलता है। यज्ञ को शास्त्रों में सर्वश्रेष्ठ कर्म कहा गया है।
प्रसिद्ध यज्ञाचार्य पंडित निरंजन शर्मा ने बताया कि यज्ञ के द्वारा मनुष्य अपने जीवन को सफल बना सकता है। हमारे द्वारा दी जाने वाली आहुति को अग्निदेव अन्य देवताओं के पास ले जाते हैं। फिर वे ही देव प्रसन्न होकर उन आहुतियों के बदले कई गुना सुख, समृद्धि और अन्न धन देते हैं।यज्ञ के इस आयोजन में बैरसिया विधायक विष्णु खत्री जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि कुबेर सिंह गुर्जर,वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवनीश भार्गव सहित कई धर्मप्रेमी लोग शामिल हुए।