भोपाल के 1.94 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी लंबित
16 अगस्त तक ई-केवाईसी कराने की अंतिम समयसीमा तय

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि भोपाल। रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। गैस कंपनियों ने आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी (e-KYC) को लेकर उपभोक्ताओं को SMS भेजना शुरू कर दिया है। 16 अगस्त तक ई-केवाईसी पूरी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू दर पर एलपीजी सिलिंडर (LPG Cylinder) मिलने में परेशानी हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में कंपनियों की ओर से अभी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। मध्य प्रदेश में 1.73 करोड़ सक्रिय घरेलू गैस उपभोक्ताओं में से 39.84 लाख यानी 22.21 प्रतिशत उपभोक्ताओं का सत्यापन अभी बाकी है। वहीं, भोपाल में 7.55 लाख उपभोक्ताओं में से 1.94 लाख की ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुई है।
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, समय पर ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू सिलिंडर के बजाय गैर-घरेलू दर पर सिलिंडर लेना पड़ सकता है। फिलहाल 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 947.50 रुपये और 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,935 रुपये है।उपभोक्ता तीन माध्यमों से ई-केवाईसी करा सकते हैं। पहला, Indian Oil ONE ऐप के जरिए घर बैठे प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। दूसरा, आधार और गैस कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज लेकर अपनी गैस एजेंसी पर जाकर सत्यापन कराया जा सकता है। तीसरा, सिलेंडर की डिलीवरी के समय अधिकृत कर्मचारी की सहायता से भी ई-केवाईसी कराई जा सकती है।





