चेकिंग के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता का बिना हेलमेट ई-चालान काटने पर विवाद
बिना हेलमेट जा रहे कार्यकर्ता को रोका, फोन पर बात करने से पुलिस का इनकार

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। लाल परेड मैदान के सामने रविवार सुबह ट्रैफिक पुलिस की नियमित चेकिंग के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता का बिना हेलमेट ई-चालान काटने पर विवाद खड़ा हो गया। कार्यकर्ता के कहने पर भी जब ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक थाना प्रभारी ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष से फोन पर बात करने से इनकार कर दिया तो कुछ ही देर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित स्वयं चेकिंग प्वाइंट पर पहुंच गए। इसके बाद मौके पर करीब आधे घंटे तक तीखी बहस और हंगामा चलता रहा। जानकारी के अनुसार सुबह करीब नौ बजे ट्रैफिक पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना हेलमेट जा रहे भाजपा कार्यकर्ता को रोका और चालान कटवाने को कहा। जिस पर उसने भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित को फोन कर बात करने को कहा। जिस पर ट्रैफिक के निरीक्षक संजय सूर्यवंशी ने फोन पर बात करने से इनकार कर दिया। इसे लेकर कार्यकर्ता ने अभय पंडित को फोन कर दिया।
वह करीब 15 मिनट के बाद चेकिंग प्वाइंट एसयूवी से पहुंचे और संजय सूर्यवंशी पर आरोप लगाने लगे कि चालान की बजाय मौके पर 200-200 रुपये की अवैध वसूली की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि इसी तरह की शिकायतों में पहले भी एक पुलिसकर्मी निलंबित हो चुका है।





