
राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत और 17 के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। भोपाल से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रही यात्रियों से भरी ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के परिवारों के सदस्य प्रभावित बताए जा रहे हैं।
24 वर्षीय छात्रा की भी मौत
परिवारों के परिचित सतीश घोड़की के अनुसार, वाहन में सवार अधिकांश लोग आपस में रिश्तेदार थे। इनमें जामगांव और मीरापुर क्षेत्र से जुड़े परिवारों के सदस्य शामिल थे, जो कामकाज के सिलसिले में भोपाल में रह रहे थे। हादसे में करीब 24 वर्षीय एक कॉलेज छात्रा की भी मौत होने की जानकारी मिली है, जिसका संबंध मुलताई क्षेत्र से बताया जा रहा है।





