लाड़ली लक्ष्मी योजना में रजिस्टर्ड बेटियों के कॉलेज तक नहीं पहुंचने के मामले में सुनवाई

लाड़ली लक्ष्मी योजना में रजिस्टर्ड बेटियों के कॉलेज तक नहीं पहुंचने के मामले में गुरुवार को हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने पिछली सुनवाई पर शासकीय अधिवक्ता से स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा था। गुरुवार को शासकीय अधिवक्ता ने इसके लिए कुछ और समय मांग लिया। इस पर सुनवाई आगे बढ़ गई। मामले में अब दो सप्ताह बाद फिर सुनवाई होगी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों हाई कोर्ट के संज्ञान में यह जानकारी आई थी कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत पंजीकृत हुई 40 हजार से ज्यादा बच्चियों में से केवल 1477 ही कॉलेज तक पहुंचीं। कोर्ट ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए याचिका दायर की है।
कोर्ट ने कहा कि सरकार बच्चियों की स्कूल और उच्च शिक्षा के लिए योजनाएं बना रही है। जनता के टैक्स का पैसा बच्चियों को आगे बढ़ाने के लिए खर्च किया जा रहा है, इसके बाद भी कॉलेज तक बच्चियों के नहीं पहुंचने की बात सामने आ रही है।





