मध्य प्रदेश में VIP कल्चर के खिलाफ पुलिस का अभियान शुरू
मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई होगी

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि भोपाल। सड़कों पर हूटर और बत्ती लगाकर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस अब सख्त रुख अपनाने वाली है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) के निर्देश पर प्रदेशभर में 1 अगस्त से 10 अगस्त तक एक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गाड़ियों पर अवैध रूप से हूटर, लाल-पीली बत्ती, फर्जी शासकीय स्टीकर और काली फिल्म लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस 10 दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान के दौरान केवल बत्ती या हूटर ही नहीं, बल्कि- निर्धारित मानकों से हटकर फैंसी या गलत तरीके से लगाई गई नंबर प्लेटों, मोटर वाहन अधिनियम के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान भी काटे जाएंगे
पुलिस मुख्यालय की ओर से प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों (SPs) को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में पुलिस टीमों को मैदान में उतारकर सघन चेकिंग अभियान चलाएं। साथ ही दोषियों पर विधि अनुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
केंद्रीय कैबिनेट ने 19 अप्रैल 2017 को मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों से लाल-पीली बत्ती और हूटर हटाने का आदेश जारी किया था, जो 1 मई 2017 से पूरे देश में प्रभावी हुआ था। इसके बावजूद, कई लोग अपने निजी वाहनों पर हूटर, बत्ती और ‘शासकीय’ लिखे स्टीकरों का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी VIP कल्चर और नियमों की अनदेखी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू की है।




