म.प्र में 1 जून से 16 जून तक प्री मानसून सीजन में अब तक 35% कम बारिश हुई
इसमें पूर्वी मप्र में 57% बारिश कम हुई, वही पश्चिमी म.प्र में राहत है

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में मंगलवार को दोपहर में धूप निकली और आंशिक बादल भी छाए। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को शहर दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। शहर में दोपहर बाद तेज हवाएं चलने की संभावना है। मप्र में 1 जून से 16 जून तक प्री मानसून सीजन में अब तक औसत से 35 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इसमें पूर्वी मप्र में औसत से 57 प्रतिशत वर्षा कम हुई है। वही पश्चिमी मप्र में राहत है और यहां पर औसत से 19 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इंदौर जिले में जहां 16 जून तक 48.9 मिमी वर्षा होना थी। वही अब तक 25.3 मिमी वर्षा ही हुई है। इस तरह जिले में 48 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज हुई है। वही इंदौर शहर में एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर 16 जून तक 55.9 मिमी वर्षा दर्ज हुई जो अब तक होने वाली औसत वर्षा से 9.8 मिमी कम है।
मौसम में आए इस बदलाव को मानसून के आगमन का संकेत माना जा रहा है। मौसम के जानकारों के अनुसार यदि वर्तमान परिस्थितियां बनी रही तो अगले एक-दो दिनों में जिले में मानसून प्रवेश कर सकता है। बादलों की आवाजाही और तापमान में अचानक आई गिरावट से वातावरण पूरी तरह बदला-बदला नजर आया। किसानों का मानना है कि समय पर अच्छी वर्षा होने से सोयाबीन, मक्का, कपास, उड़द और अन्य खरीफ फसलों की बोवनी शुरू हो जाएगी। ऐसे में अब जिलेवासियों के साथ-साथ किसानों की निगाहें मानसून की पहली वर्षा पर टिकी हैं। मौसम में आए बदलाव ने जल्द अच्छी वर्षा की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सुबह की आर्द्रता 77 प्रतिशत व शाम की 44 प्रतिशत रही, जो सोमवार को क्रमश: 71 व 39 प्रतिशत थी।




