नींबू को फ्रिज में या बिना फ्रिज के लंबे समय तक कैसे करें स्टोर, आइए जानते हैं
इससे जुड़े कुछ आसान और असरदार टिप्स

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि | नींबू सस्ते मिलते ही ज्यादातर लोग ज्यादा मात्रा में खरीद लेते हैं। कई लोग इन्हें अचार बनाकर स्टोर कर लेते हैं, लेकिन जो लोग अचार नहीं बनाते, उनके नींबू कुछ ही दिनों में सूखने या खराब होने लगते हैं। अगर आप भी बिना अचार बनाए नींबू को लंबे समय तक ताजा रखना चाहते हैं, तो यहां बताए गए आसान तरीके आपके काम आ सकते हैं। इन टिप्स की मदद से आप नींबू को लंबे समय तक फ्रेश और सुरक्षित रख सकते हैं। सबसे पहले नींबू को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लें। इसके बाद हर नींबू पर हल्का सा तेल लगा दें। अब इन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रख दें। इससे नींबू की ऊपरी परत सूखती नहीं है और वे लंबे समय तक ताजा बने रहते हैं।
एक कांच या फूड ग्रेड प्लास्टिक के डिब्बे में नींबू रखें और इतना पानी डालें कि सभी नींबू पूरी तरह डूब जाएं। अब इसमें थोड़ा सा सफेद सिरका मिला दें। डिब्बे को बंद करके फ्रिज में रख दें। इस तरीके से नींबू लंबे समय तक ताजा रहते हैं और बार-बार पानी बदलने की जरूरत भी नहीं पड़ती।
अगर आपके पास फ्रिज नहीं है, तो नींबू का पाउडर बनाकर भी उसे लंबे समय तक रखा जा सकता है। इसके लिए पहले नींबू का रस निकाल लें। फिर इसमें रस के बराबर चीनी मिलाकर धूप या पंखे के नीचे अच्छी तरह सुखा लें। जब मिश्रण पूरी तरह सूख जाए, तो इसे मिक्सी में पीसकर बारीक पाउडर बना लें। अब इस पाउडर को एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें। जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल शिकंजी या दूसरी ड्रिंक बनाने में किया जा सकता है।






