नींद में उठकर बार-बार टॉयलेट जाना दे सकता है बीमारियों का संकेत, भूलकर भी न करें अनदेखा

रात में बार-बार नींद से उठकर टॉयलेट जाना सामान्य आदत नहीं मानी जाती। अक्सर लोग इसे सोने से पहले ज्यादा पानी पीने की वजह मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन अगर यह समस्या रोजाना हो रही है और आपकी नींद प्रभावित हो रही है, तो यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, रात में दो या उससे अधिक बार पेशाब के लिए उठना सेहत से जुड़ी कई समस्याओं की ओर इशारा करता है।
कब इसे सामान्य नहीं माना जाता?
स्वस्थ व्यक्ति के शरीर में रात के समय यूरिन का उत्पादन कम होता है और वह अधिक गाढ़ा होता है। अगर आपको रात में बार-बार पेशाब के लिए उठना पड़ रहा है और इसका असर आपकी नींद, थकान या अगले दिन की कार्यक्षमता पर पड़ रहा है, तो यह स्थिति सामान्य नहीं है और डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है।
इन बीमारियों का हो सकता है संकेत
टाइप-2 डायबिटीज
रात में बार-बार पेशाब आना डायबिटीज के शुरुआती लक्षणों में से एक माना जाता है। जब ब्लड शुगर लेवल बढ़ जाता है, तो किडनी अतिरिक्त शुगर को बाहर निकालने के लिए ज्यादा पानी फिल्टर करती है, जिससे यूरिन की मात्रा बढ़ जाती है।
प्रोस्टेट की समस्या (पुरुषों में)
उम्र बढ़ने के साथ पुरुषों में प्रोस्टेट ग्लैंड का आकार बढ़ना आम है। बढ़ा हुआ प्रोस्टेट यूरिनरी ट्रैक पर दबाव डालता है, जिससे ब्लैडर पूरी तरह खाली नहीं हो पाता और बार-बार पेशाब का अहसास होता है, खासतौर पर रात में।
यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI)
अगर पेशाब के दौरान जलन, दर्द या बदबू महसूस हो रही है, तो यह यूटीआई का संकेत हो सकता है। इंफेक्शन के कारण ब्लैडर ज्यादा संवेदनशील हो जाता है, जिससे कम यूरिन होने पर भी पेशाब का दबाव महसूस होता है।
स्लीप एपनिया
कई बार समस्या ब्लैडर से नहीं, बल्कि नींद से जुड़ी होती है। स्लीप एपनिया में सांस बार-बार रुकती है, जिससे नींद टूटती रहती है। इस दौरान शरीर कुछ ऐसे हार्मोन रिलीज करता है, जो रात में यूरिन की मात्रा बढ़ा सकते हैं।
लाइफस्टाइल से जुड़े आम कारण
हर बार रात में बार-बार पेशाब आना किसी बीमारी का संकेत हो, यह जरूरी नहीं। इसके पीछे कुछ सामान्य वजहें भी हो सकती हैं-
सोने से 2-3 घंटे पहले जरूरत से ज्यादा पानी पीना
चाय, कॉफी या शराब का अधिक सेवन, क्योंकि ये डाययूरेटिक होती हैं
ब्लड प्रेशर की कुछ दवाएं, जो शरीर से अतिरिक्त पानी बाहर निकालती हैं
कब डॉक्टर से मिलें?
अगर यह समस्या लगातार बनी हुई है, नींद खराब हो रही है या पेशाब के साथ दर्द, जलन या कमजोरी महसूस हो रही है, तो बिना देरी किए डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। समय पर इलाज कई गंभीर बीमारियों से बचाव कर सकता है।





