hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
छत्तीसगढ़

पिता के पीछे-पीछे बस के पास पहुंची थी मासूम, ड्राइवर ने बिना देखे कर दिया रिवर्स, बच्ची की मौके पर मौत

दो घंटे थमा रहा यातायात, स्कूल प्रबंधन के आश्वासन पर खुला मार्ग

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि मानपुर |  मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड के घोटिया गांव में बुधवार सुबह निजी स्कूल की बस की चपेट में आने से दो वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सवा आठ बजे की है। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एकटकन्हार-भर्रीटोला मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और स्कूल प्रबंधन को मौके पर बुलाने के साथ मृत बच्ची के स्वजन को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। जानकारी के अनुसार, मानपुर स्थित फ्लावर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस रोज की तरह बच्चों को लेने घोटिया गांव पहुंची थी। गांव का एक व्यक्ति अपने बच्चे को बस में बैठाने पहुंचे थे। उनके पीछे उनकी करीब दो वर्षीय बेटी भी बस के पास आ गई। इसी दौरान चालक ने बस को रिवर्स किया और बच्ची चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना के बाद पुलिस ने स्कूल बस को अपने कब्जे में लेकर खड़गांव थाना पहुंचा दिया है। घटनास्‍थल से फरार हुए आरोपित चालक मुजबिन खान ने मानपुर थाने पहुंचकर आत्‍मसमर्पण किया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच करीब डेढ़ से दो घंटे तक बातचीत और तीखी बहस का दौर चलता रहा। इस दौरान दोनों ओर यात्री बसों सहित अन्य वाहन जाम में फंसे रहे और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। बाद में स्कूल प्रबंधन की ओर से पहुंची प्रतिनिधि ने अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में दो माह के भीतर मृत बच्ची के परिवार को पांच लाख रुपये देने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eleven − four =

Back to top button