hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर की छात्रा महिमा राजपूत का चयन मिशन शक्तिसैट के लिए राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में हुआ 

अपनी प्रतिभा के दम पर पूरे छत्तीसगढ़ का किया नाम रोशन 

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, रायपुर। रायपुर की होनहार बेटी महिमा राजपूत ने अपनी प्रतिभा के दम पर पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। तिलकनगर स्थित शासकीय आदर्श उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की छात्रा महिमा का चयन प्रतिष्ठित मिशन शक्तिसैट के लिए राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। देशभर से चुने गए केवल नौ प्रतिभाशाली बच्चों में महिमा छत्तीसगढ़ से इकलौती प्रतिभागी हैं। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और निरंतर लगन का परिणाम है। महिमा का अंतरिक्ष विज्ञान तक का यह सफर चुनौतीपूर्ण रहा है। उन्होंने मिशन शक्तिसैट के लिए आयोजित ऑनलाइन राष्ट्रीय चयन परीक्षा में भाग लिया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के जरिए देशभर के हजारों प्रतिभागियों के बीच अपनी जगह बनाई। महिमा के माता-पिता और शिक्षकों ने बताया कि वे बचपन से ही अंतरिक्ष और विज्ञान संबंधी विषयों में गहरी रुचि रखती थीं। उनकी यह जिज्ञासा आज उन्हें एक बड़े मुकाम तक ले आई है।

मिशन की रूपरेखा के अनुसार, अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आठ दिवसीय कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें दुनिया के विभिन्न देशों की 108 छात्राएं शामिल होंगी। इस कार्यशाला में छात्राएं मिलकर शक्तिसैट उपग्रह तैयार करेंगी। इस मिशन के तहत दो उपग्रह विकसित किए जा रहे हैं; एक उपग्रह चंद्रमा की कक्षा में स्थापित होगा, जबकि दूसरा चंद्रमा की सतह पर उतरने के लिए तैयार किया जाएगा। महिमा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और स्कूल प्रबंधन को दिया है। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन ने ही उनके सपनों को पंख दिए हैं। महिमा ने भविष्य में भी अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में देश की सेवा करने का संकल्प लिया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर रायपुर के कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उनसे मुलाकात की। उन्होंने महिमा को प्रेरक पुस्तक और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कलेक्टर ने कहा कि महिमा का चयन प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए एक प्रेरणा है, जो यह साबित करता है कि दृढ़ संकल्प से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

20 − three =

Back to top button