hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
मनोरंजन

रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित जुहू आवास पर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस हमले के पीछे मौजूद मुख्य साजिशकर्ता का भी खुलासा किया है।

आधी रात को हुई थी फायरिंग

यह घटना 31 जनवरी की रात करीब 12:45 बजे की है, जब रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस तुरंत अलर्ट मोड में आ गई और जांच के लिए एंटी एक्सटॉर्शन सेल की विशेष टीम गठित की गई।

पुणे से पकड़े गए चार आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और इनपुट्स के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुणे से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी सीधे तौर पर फायरिंग की वारदात में शामिल थे।

कौन है इस हमले का मास्टरमाइंड?

मुंबई पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड शुभम लोंकर है, जो कुख्यात बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। शुभम लोंकर महाराष्ट्र के अकोला जिले का रहने वाला है। शुरुआती दौर में वह खेती और गायों के तबेले में काम करता था, लेकिन बाद में हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क में शामिल हो गया।

पहले भी विवादों में रहा है शुभम लोंकर

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शुभम लोंकर का नाम अक्टूबर 2024 में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी सामने आ चुका है। इसके अलावा, सुपरस्टार सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग की घटना में भी वह संदिग्ध रहा है। जनवरी 2024 में अकोला पुलिस ने उसे हथियार सप्लाई के एक मामले में गिरफ्तार किया था, हालांकि बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया था।

जांच में यह भी सामने आया है कि जैसलमेर में उसकी मुलाकात बिश्नोई गैंग के कुछ सदस्यों से हुई, जिसके बाद वह उनके संपर्क में आया और पुणे में शिफ्ट हो गया।

एक आरोपी अब भी फरार

शुभम लोंकर के अलावा गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी, सिद्धार्थ दीपक येनपुरे, समर्थ शिवशरण पोमाजी और स्वप्निल बंदू सकट शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

फिलहाल मुंबई पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस फायरिंग के पीछे धमकी या जबरन वसूली जैसी कोई साजिश थी या नहीं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

five × four =

Back to top button