hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu

छत्तीसगढ़बिलासपुर

स्कूटी सवार को हाईवा ने कुचला, हाईवा चालक वाहन छोड़कर हुआ फरार

पुलिस कर रही फरार ड्राइवर की तलाश

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार में होने वाली शादी के लिए दहेज में देने के लिए टीवी खरीदने जा रहे स्कूटी सवार दो लोगों को तेज रफ्तार हाईवा ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घायल का सिम्स में इलाज जारी है। घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

पचपेड़ी क्षेत्र के लोहर्सी निवासी बरन भानु (50) अपने मित्र बंशी श्रीवास के साथ गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूटी से मल्हार जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके परिवार में जल्द ही शादी समारोह होना था। इसी सिलसिले में दहेज में देने के लिए टीवी खरीदने दोनों मल्हार जा रहे थे। जब वे पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी मोड़ के पास पहुंचे, तभी मल्हार की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने सामने से उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों स्कूटी सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने डायल112 और पचपेड़ी पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को सिम्स रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाकारित हाईवा को जब्त कर लिया है। फरार ड्राइवर की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 + one =

Check Also
Close