सतना में नहर में गिरा ट्रक, एनएच-39 पर दर्दनाक हादसा… चालक सहित तीन लोगों की मौत

जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। रामपुर बघेलान थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब आठ बजे राहगीरों द्वारा सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास सरिया लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। जिसके बाद थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इस हादसे में चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई
मृतकों की पहचान और प्रशासनिक सक्रियता
इन सभी मृतकों के शव बाहर निकालने के लिए प्रशासन को चार घंटे का रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा, तब जाकर इनके शव बाहर निकाले जा सके। पुलिस के अनुसार, मृतकों में मैहर जिले के ग्राम पडरी निवासी दिलीप केवट (पिता राजेश केवट) और रामगढ़ निवासी विष्णु केवट (पिता माखनलाल केवट) की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी और तहसीलदार सुजीत नागेश भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
क्रेन और कटर मशीन की मदद से निकाला गया शव
क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर दो शव निकाले गए। तीसरा शव ट्रक की बॉडी में बुरी तरह फंसा था, जिसे कटर मशीन से करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





