hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
छत्तीसगढ़

तेज धमाके से दहला कुंजनगर, सात परिवारों के घर तबाह 

तेज बारिश के बीच 12 फीट ऊंची चारदीवारी अचानक तेज धमाके से गिरी 

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि बिश्रामपुर | नगर से लगे ग्राम पंचायत कुंजनगर के वार्ड क्रमांक 17 में सोमवार देर रात तेज बारिश के बीच भारतीय खाद्य निगम के संग्रहण केंद्र के पीछे बनी लगभग 12 फीट ऊंची चारदीवारी अचानक तेज धमाके के साथ गिर गई। दीवार सीधे जरूरतमंद परिवारों के घरों पर आ गिरी। दीवार गिरने की तेज आवाज से पूरा मोहल्ला दहल उठा। घरों में गहरी नींद में सो रहे लोग घबराकर बाहर भागे और बच्चों को गोद में उठाकर किसी तरह अपनी जान बचाई। कुछ ही सेकेंड की देरी होती तो यह हादसा कई लोगों की जान ले सकता था।दुर्घटना में गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वाले शंकर गुप्ता, मनोज रवि, मोहम्मद फारुख, बलका देवी, मोहम्मद मेहबूब, सलाम और विनोद रवि के मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई घरों की दीवारें टूट गईं, कमरों में मलबा भर गया तथा घरेलू सामान भी बर्बाद हो गया। हादसे के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं और बरसात के बीच उनके सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

 

दीवार गिरने के बाद भारी मात्रा में मलबा रास्ते और जल निकासी मार्ग पर फैल गया। इससे बारिश का पानी सीधे ग्रामीणों के घरों में घुसने लगा। रात के अंधेरे में आसपास के लोगों ने एक-दूसरे की मदद करते हुए पानी की निकासी की व्यवस्था की और किसी तरह हालात संभाले। हालांकि तब तक कई घरों में रखा सामान भीगकर खराब हो चुका था। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप है कि एफसीआई की लगभग 12 फीट ऊंची चारदीवारी निर्माण मानकों की अनदेखी कर बिना मजबूत कालम के खड़ी कर दी गई थी। इतना ही नहीं, चारदीवारी से सटकर इन दिनों अव्यवस्थित तरीके से नाली निर्माण कराया जा रहा था, जिससे उसकी नींव कमजोर हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण गुणवत्ता का पालन किया गया होता तो इतनी बड़ी दुर्घटना नहीं होती।

सूचना मिलते ही एसडीएम शिवानी जायसवाल, लटोरी तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल तथा नायब तहसीलदार मीना सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए गुणवत्ता की जांच कराने की मांग रखी।

एसडीएम शिवानी जायसवाल ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि शासन की ओर से मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी गई है। साथ ही एफसीआई प्रबंधन को शेष कमजोर चारदीवारी का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने, भविष्य में दुर्घटना रोकने के लिए उसे सुरक्षित बनाने तथा परिसर के भीतर खड़े जोखिमपूर्ण पेड़ों को नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मलबा हटाकर मार्ग और जल निकासी व्यवस्था तत्काल बहाल कराने के भी निर्देश दिए।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

thirteen + sixteen =

Back to top button