विभागों के बंटवारे पर पर खींचतान; अजित पवार की पत्नी को डिप्टी सीएम बनाने की मांग, NCP नेता फडणवीस से मिले

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उनका पद पत्नी को दिए जाने, NCP के दोनों गुट के विलय और विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
इन्हीं मांगों को लेकर आज शुक्रवार को NCP के नेता CM देवेंद्र फडणवीस से मिलने उनके घर वर्षा बंगले पहुंचे। इसमें प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, सुनील तटकरे शामिल हैं। मीटिंग आधे घंटे तक चली।
महाराष्ट्र सरकार में अजित पवार के पास वित्त, आबकारी और खेल विभाग के साथ-साथ डिप्टी चीफ मिनिस्टर का पद भी था।
NCP नेताओं में इस बात पर चर्चा चल रही है कि ये विभाग और पार्टी की नेशनल लीडरशिप किसे दी जाए। यह दावा भी किया जा रहा है कि अजित पवार NCP के दोनों गुट के जिस मर्जर पर बातचीत कर रहे थे, उस पर आखिरी फैसला शरद पवार लेंगे।
अजित पवार का 28 जनवरी को बारामती में एक प्लेन क्रैश में निधन हो गया था। वे जिला परिषद चुनाव के लिए रैली को संबोधित करने जा रहे थे।
CM देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद एनसीपी के नेता प्रफुल्ल पटेल ने मीडिया से बातचीत करते हुए एक महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि हमने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को साफतौर पर बता दिया है कि जनभावना को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द फैसला लेना जरूरी है।
प्रफुल्ल ने कहा कि हमारी मांग है कि अजित के पोर्टफोलियो और NCP से जुड़े फैसलों को लेकर कोई अनिश्चितता नहीं होनी चाहिए। राज्य की मौजूदा स्थिति कार्यकर्ताओं के असंतोष और जनता की भावनाओं को देखते हुए बिना देरी ठोस निर्णय लेना जरूरी है।
• अजित की पत्नी सुनेत्रा पवार ने नरेश अरोड़ा को राजनीतिक सलाह के लिए बारामती बुलाया है। नरेश, अजित पवार के चुनावी रणनीतिकार हैं। उनकी संस्था ‘डिजाइनबॉक्स’ एनसीपी के लिए काम करती है।
• 12 जिला परिषद और 125 पंचायत समिति के लिए मतदान अब 5 फरवरी के बजाय 7 फरवरी को होगा। रिजल्ट 9 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।





