305 करोड़ से एयरोसिटी भोपाल में बनेगा देश का पहला विशेष कंट्रोल सेंटर, 2 साल में काम पूरा होगा

एयरोसिटी भोपाल में ग्रिड कंट्रोल ऑफ इंडिया लिमिटेड के कंट्रोल सेंटर कॉम्प्लेक्स ऑफ वेस्टर्न रीजन का निर्माण करीब 305 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यहां से देश के पश्चिमी क्षेत्र के बिजली ग्रिड को नियंत्रित किया जाएगा। यह देश में अपनी तरह का पहला कंट्रोल सेंटर कॉम्प्लेक्स होगा।
संभागायुक्त ने दिए 20 नवंबर तक शासकीय अनुमतियां पूरी करने के निर्देश
यह जानकारी पिछले दिनों संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान चर्चा में सामने आई थी। उन्होंने सभी शासकीय अनुमतियां 20 नवंबर तक पूरी करने और निर्धारित समय पर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए थे। परियोजना का निर्माण भोपाल विकास प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है।
‘कांसेप्ट टू कंप्लीशन’ समझौता पूरा, दो साल में निर्माण कार्य संपन्न करने का लक्ष्य
इसके लिए ग्रिड इंडिया के साथ ‘कांसेप्ट टू कंप्लीशन’ समझौता हो चुका है और भूमि आवंटन भी किया जा चुका है। निर्माण कार्य लगभग दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है। बैठक में भवन अनुज्ञा, पर्यावरणीय स्वीकृति, भूमि उपयोग परिवर्तन, ग्रीन बिल्डिंग प्रमाणन और बिजली के खंभों की शिफ्टिंग समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।





