
ओडिशा के पारादीप पोर्ट से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जा रहा 308 पहियों वाला 100 फीट लंबा ट्रक इन दिनों चर्चा की वजह बन गया है। बेल्जियम से आई 200 टन की चीनी मिल मशीन ले जा रहा यह ट्रक दिन में सिर्फ 10 से 20 किलोमीटर ही चल पाता है।
क्या है पूरा मामला?
यह मल्टी-एक्सल ट्रेलर करीब 100 फीट लंबा है और बेल्जियम से मंगाई गई करीब 200 टन वजन की मशीनरी ले जा रहा है। बहुत ज्यादा वजन होने की वजह से ट्रेलर बहुत धीमी स्पीड से चलता है और एक दिन में सिर्फ 10 से 20 किलोमीटर की दूरी ही तय कर पाता है। इसके रास्ते में आसानी से चलने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
रास्ते में हटानी पड़ी बिजली लाइनें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई जगहों पर ट्रेलर को गुजारने के लिए बिजली की लाइनों को कुछ वक्त के लिए हटाना पड़ा है। रास्ते में पड़ने वाले कुछ फुट ओवरब्रिज के हिस्सों को भी काटा या उनमें बदलाव किया गया है।
दो करोड़ का डीजल फुंका, 64 कर्मचारी साथ
अभी तक दो करोड़ रुपये का डीजल खर्च किया जा चुका है। साथ में दो अलग-अलग क्रेन भी चल रहे हैं। दो ट्रेलर भी हैं, जो मल्टी एक्सल ट्रेलर को अलग-अलग वक्त पर खींचने के काम करते हैं। इसके साथ में 64 से ज्यादा कर्मचारी भी चल रहे हैं। 100 फीट लंबे इस भारी-भरकम वाहन को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जमा हो रही है और इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब शेयर किए जा रहे हैं।
