hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
राजस्थान

50 हजार रुपए की रिश्वत लेते उपनिवेशन विभाग के पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया 

कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देशों पर अंजाम दी गई

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि जैसलमेर | भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जैसलमेर इकाई ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उपनिवेशन विभाग नाचना के अजासर हल्का पटवारी लखवीर यादव और उसके निजी दलाल जेठू सिंह को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देशों पर अंजाम दी गई। एसीबी के महानिदेशक गोविंद्र गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जैसलमेर इकाई को एक परिवादी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार, परिवादी के पिता के खेत की दोबारा तरमीन (सीमांकन) कर उसे राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने और पैमाइश की मौका रिपोर्ट तैयार करने के बदले पटवारी लखवीर यादव द्वारा परेशान किया जा रहा था। पटवारी ने इस काम के एवज में अपने साथ काम करने वाले एक निजी व्यक्ति (दलाल) जेठू सिंह के माध्यम से 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि की मांग की थी।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद, एसीबी जोधपुर के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जैसलमेर चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतचंद के नेतृत्व में टीम ने नाचना में जाल बिछाया। जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की रकम दलाल जेठू सिंह को सौंपी, एसीबी की टीम ने दबिश देकर आरोपी पटवारी लखवीर यादव और दलाल जेठू सिंह को दबोच लिया। टीम ने दलाल जेठू सिंह के पास से रिश्वत की 50 हजार रुपए की राशि भी बरामद कर ली है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक (जयपुर) स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे का अनुसंधान जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two × 3 =

Back to top button