खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश; भोपाल में 10 होटल-रेस्टोरेंट की रसोई में गड़बड़ी, सड़े आलू, एक्सपायरी मांस मिले

आप जिन महंगे और नामी होटलों में स्वादिष्ट खाने की उम्मीद लेकर जाते हैं, उनकी रसोई का सच आपको हैरान कर सकता है। भोपाल के खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के 10 बड़े होटलों और रेस्टोरेंट की किचन में जब अचानक दबिश दी, तो वहां भारी अनियमितताएं सामने आईं।
रिपोर्ट के अनुसार, जांच टीम को कहीं एक्सपायरी डेट का मांस मिला, तो कहीं दाल में कीड़े रेंगते नजर आए। मशहूर होटल रेडीसन में 50 किलो सड़े हुए आलू बरामद हुए, जिन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। वहीं, कुछ गिने-चुने प्रतिष्ठानों में ही साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। विभाग ने तीन जगहों से संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं।
रेडीसन और टर्क्वाइज हॉस्पिटैलिटी में मिलीं गंभीर खामियां
शहर के प्रतिष्ठित होटल रेडीसन की रसोई में टीम को करीब 50 किलो सड़े आलू मिले। हालांकि, प्रबंधन ने सफाई देते हुए कहा कि इन्हें वेंडर को वापस लौटाने के लिए रखा गया था। इसके अलावा यहां हनी ब्रेड के 4 पैकेट मिस-ब्रांडेड पाए गए, जबकि फ्रोजन मीट के पैकेट पर खून के साक्ष्य और ‘बेस्ट बिफोर’ (इस्तेमाल की अंतिम तिथि) की अधूरी जानकारी मिली।





