
अमरीका के कैलिफोर्निया में हेलिकॉप्टर हादसे में एनबीसी लॉस एंजिल्स
(NBCLA) की एरियल रिपोर्टर एलियाना मोरेनो की मौत हो गई। वह 15 सितंबर को लॉस एंजिलिस के चैट्सवर्थ इलाके में हुए सड़क हादसे की हवाई कवरेज कर रही थीं। इसी दौरान न्यूज हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में मोरेनो और हेलिकॉप्टर पायलट जॉर्ज मार्सिनिव समेत तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे में तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, चैटस्वर्थ में एक एसयूवी कार और मेट्रो बस के बीच भीषण टक्कर हुई थी, जिसमें दो लोगों की मौत और छह लोग घायल हो गए थे। इसी घटना की लाइव रिपोर्टिंग के लिए एनबीसी न्यूज का हेलीकॉप्टर हवा में उड़कर कवरेज कर रहा था। तभी अचानक तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे के बाद एनबीसी एलए ने ऑन-एयर पुष्टि की कि दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर उन्हीं का था।
कौन थीं एलियाना मोरेनो?
एलियाना मोरेनो एक अनुभवी एरियल फोटोग्राफर और टीवी रिपोर्टर थीं। उन्होंने चैपमैन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और एनबीसी लॉस एंजिलिस तथा टेलीमुंडो 52 के लिए काम करती थीं। उनके एक्स प्रोफाइल के अनुसार, वह लॉस एंजिलिस के ऑरेंज काउंटी से पत्रकारिता कर रही थीं। उनके LinkedIn प्रोफाइल के मुताबिक, मोरेनो ने महज 11 साल की उम्र में तय कर लिया था कि वह टीवी न्यूज रिपोर्टर बनेंगी। उन्होंने ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म और पॉलिटिकल साइंस में डिग्री हासिल की थी।





