
लंबी दूरी के यात्रियों के लिए रेलवे जल्द ही देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (New Vande Bharat Sleeper Train) शुरू करने की तैयारी में है। पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा-कामाख्या मार्ग पर चल रही है और यात्रियों से उसे उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है।
अब दूसरी स्लीपर वंदे भारत को वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलाने की तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित ट्रेन से वाराणसी और दिल्ली के बीच रात में तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा।
रात में रवाना, सुबह दिल्ली पहुंचेगी
प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी कैंट से रात 9:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह करीब 5 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस तरह लगभग 8 घंटे में यात्रा पूरी होने की उम्मीद है।
वापसी में भी यही समय रहेगा। ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यात्रियों को रात में सोकर सफर करने की सुविधा मिलेगी, जिससे समय की बचत भी होगी।
130 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन
ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। हालांकि अंतिम समय-सारिणी और परिचालन संबंधी अन्य विवरण रेलवे की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होंगे। रेलवे बोर्ड जल्द ही इसका शेड्यूल और किराया तय कर सकता है।



