
एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के 65 किलोग्राम बॉक्सिंग इवेंट का फाइनल मुकाबला भारतीय बॉक्सर परवीन हुड्डा और चीनी ताइपे की चिन चेन के बीच खेला गया। परवीन ने पहला राउंड जीता, दूसरा हारीं और फिर तीसरे निर्णायक राउंड में तीन जजों ने उनका साथ दिया। इस तरह फाइनल में चीनी ताइपे की चेन को हराकर हुड्डा ने करीबी मुकाबले में 3-2 से स्प्लिट डिसीजन से जीत हासिल करके भारत के लिए 13वां गोल्ड मेडल जीता।
लवलीना बोरगोहेन के बाद दिलाया गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम के लिए गोल्ड की बारिश हो रही है। लवलीना बोरगोहेन के गोल्ड के बाद भारत की परवीन हुड्डा ने उनके नक्शेकदम पर चलते हुए महिलाओं के 65 किलोग्राम बॉक्सिंग फाइनल में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास के सुनहरे पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। यह मुकाबला फाइनल राउंड तक गया, जहां चेन ने आक्रामक शुरुआत की और कुछ हुक लगाए। वहीं, परवीन ने कुछ शानदार मुक्कों के साथ जवाब दिया और आखिरकार जीत भी हासिल की। यह जीत इसलिए भी अहम है, क्योंकि ठिकाने की जानकारी न देने की वजह से सस्पेंशन के बाद उनका हांग्जो 2022 का ब्रॉन्ज मेडल छीन लिया गया था, जिससे उनकी ओलंपिक की उम्मीदें भी खत्म हो गई थीं।
छठे पायदान पर भारत
बता दें कि परवीन के गोल्ड के बाद भारत एशियन गेम्स की मेडल टेली में 13 गोल्ड के साथ छठे पायदान पर बना हुआ है। भारत के पास अब 13 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज के साथ कुल 73 मेडल हैं।





