प्रदेश में एक साल में 1.03 लाख से अधिक सड़क हादसे
कुल हादसों में 61 प्रतिशत पीड़ित 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा
राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के ताजा आंकड़ों के अनुसार मई 2025 से अप्रैल 2026 के बीच प्रदेश में 1,03,294 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। यानी औसतन हर दिन 283 से अधिक लोग सड़क हादसों का शिकार हुए।
दुर्घटनाओं से प्रभावित लोगों में सबसे बड़ी हिस्सेदारी युवाओं की है। 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 61 प्रतिशत युवा सड़क हादसों की चपेट में आए। विशेषज्ञों का मानना है कि तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाना, स्टंटबाजी और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं।
आंकड़ों के अनुसार 31 से 45 वर्ष आयु वर्ग के 24 प्रतिशत, 46 से 60 वर्ष आयु वर्ग के 9 प्रतिशत, 0 से 15 वर्ष आयु वर्ग के 4 प्रतिशत और 60 वर्ष से अधिक आयु के 3 प्रतिशत लोग सड़क हादसों का शिकार हुए। विशेषज्ञों का कहना है कि युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता की कमी और जोखिम उठाने की प्रवृत्ति दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है।




