दो महीने में मंजूर 400 नक्शों की जांच शुरू
निजी इंजीनियरों पर नियम उल्लंघन के आरोप लगे

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में भवन निर्माण के लिए लागू ड्रॉइंग एंड अप्रूवल व्यवस्था के तहत मंजूर किए गए करीब 400 नक्शों की नगर निगम ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई गई है कि कुछ लाइसेंसधारी निजी इंजीनियरों ने नियमों की अनदेखी करते हुए ऐसे क्षेत्रों में भी नक्शे स्वीकृत कर दिए, जहां निर्माण की अनुमति नहीं थी। मामला सामने आने के बाद निगम प्रशासन ने पिछले दो महीनों में मंजूर हुए लगभग 400 डीएंड नक्शों की पड़ताल शुरू कर दी है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि नक्शों की स्वीकृति निर्धारित नियमों के अनुरूप हुई या नहीं और कहीं गलत जानकारी या दस्तावेजों के आधार पर अनुमति तो नहीं दी गई।
सूत्रों के मुताबिक कुछ शिकायतों के आधार पर की गई प्रारंभिक जांच में ग्रीन बेल्ट, सड़क आरक्षण, जल निकासी क्षेत्र और अन्य प्रतिबंधित इलाकों में भी नक्शा स्वीकृत किए जाने के संकेत मिले हैं। ऐसे मामलों की विस्तार से जांच की जा रही है।





