hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu

मध्यप्रदेश

एक साल पहले इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्यार, शादी का सपना लेकर निकले,हादसे ने ले ली जान

दोनों ने घरवालों से छिपकर लिया था शादी करने का फैसला

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, देवास। एक साल पहले इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली, साथ जीने-मरने की कसमें खाईं और फिर दोनों ने घरवालों से छिपकर शादी करने का फैसला किया। उत्तर प्रदेश से इंदौर तक का सफर नई जिंदगी की शुरुआत के लिए था, लेकिन एबी रोड पर टोंकखुर्द के पास हुए एक सड़क हादसे ने प्रेम कहानी का अंत कर दिया। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे टोंकखुर्द क्षेत्र के पिपलिया मार्ग पर एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार 33 वर्षीय मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ मौजूद युवती और चालक मानसिंह भी घायल हुए। तीनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया।

घायल युवती को काफी देर तक मोहित की मौत की जानकारी नहीं दी गई। वह बार-बार रोते हुए यही कहती रही कि मुझे मोहित से मिला दो। युवती ने बताया कि करीब एक साल पहले उसकी पहचान मोहित से इंस्टाग्राम पर हुई थी। बातचीत बढ़ी तो दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। रिश्ते ने प्यार का रूप लिया और दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। परिवारों को इसकी जानकारी नहीं थी। बताया गया कि दोनों उत्तरप्रदेश से इंदौर आ रहे थे, जहां मंदिर में शादी करने की योजना थी। युवती उत्तरप्रदेश के हैदरगढ़ से गुमशुदा हुई थी, जिसकी गुमशुदगी भी गुरुवार शाम दर्ज होने की बात सामने आई है। इधर युवती ने पुलिस को बताया है कि वह अपनी मर्जी से मोहित के साथ इंदौर आ रही थी और दोनों शादी करने वाले थे। मोहित की मौत की खबर मिलने पर उसके स्वजन जिला अस्पताल पहुंचे। मोहित के भाई ने बताया कि वह दो दिन पहले अपनी मां को छोड़ने उत्तर प्रदेश गया था और एक रिश्तेदारी के विवाह समारोह में शामिल हुआ था। परिवार को यह नहीं पता था कि वह किसी युवती के साथ वापस लौट रहा है। स्वजन के अनुसार मोहित पहले से शादीशुदा था और उसका एक बच्चा भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

6 + four =

Check Also
Close