hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu

मध्यप्रदेश

डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलटा, सड़क पर डीजल बहते ही ग्रामीणों ने लुटा 

बिना लोगो के टैंकर पर उठे सवाल

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, शिवपुरी। लुकवासा चौकी अंतर्गत एनएच-46, लुकवासा वायपास पर सोमवार की दोपहर डीजल से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसे के दौरान टैंकर का स्टाफ केबिन में फंस गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को बाहर निकाला तो दूसरी तरफ कुछ ग्रामीण टैंकर से फैल रहे डीजल को लूटने के लिए दौड़ पड़े। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर जिले के लुकवासा बायपास पर डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटते ही डीजल सड़क पर बहने लगा और केबिन में ड्राइवर और क्लीनर फंस गए। पहले कुछ मिनटों में जो हुआ वो मिसाल है। राहगीरों और लुकवासा के स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर पिचके केबिन को तोड़ा और अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला। घायल चालक पवन को कोलारस स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया। लेकिन इसके ठीक 10 मिनट बाद नजारा बदल गया।

जैसे ही खबर फैली कि टैंकर में डीजल भरा है, आसपास के गांवों से लोग बाल्टी, डिब्बे, केन और जो बर्तन हाथ लगा लेकर दौड़ पड़े। सड़क पर बह रहे डीजल को लूटने की होड़ मच गई। पुलिस के आने तक हाईवे पर डीजल लूट का मेला लगा रहा। लुकवासा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तो जवानों को पहले लोगों को टैंकर से दूर हटाना पड़ा, क्योंकि एक चिंगारी पूरे इलाके को आग के गोले में बदल सकती थी। पुलिस ने घेराबंदी कर टैंकर को कब्जे में लिया और क्रेन बुलाई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक और पेंच सामने आया है। टैंकर गुना से शिवपुरी आ रहा था, लेकिन उस पर किसी भी बड़ी आयल कंपनी का लोगो या नाम नहीं है। ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में डीजल कहां से लाया जा रहा था और कहां ले जाया जा रहा था, इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब टैंकर के कागजात और डीजल के सोर्स की जांच कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

7 − 6 =

Check Also
Close