पन्ना में बंदर ने 48 घंटे में तीन लोगों पर किया हमला
बंदर ने जांघ पर काटकर बच्चे को किया घायल

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, पन्ना। पन्ना जिले के पुराना पन्ना स्थित खेर माता मंदिर इलाके में एक बंदर के आतंक से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। पिछले 48 घंटे में बंदर ने तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। बुधवार को आम तोड़ने गए 14 वर्षीय बालक पर बंदर ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया जानकारी के अनुसार, खेर माता मंदिर के पास पुराना पन्ना निवासी अशोक पटवा का 14 वर्षीय पुत्र दुर्गेश पटवा आम तोड़ रहा था। इसी दौरान बंदर ने उस पर हमला कर दिया। बंदर ने दुर्गेश को पकड़कर उसकी जांघ पर काट लिया, जिससे वह घायल हो गया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर बंदर को वहां से भगाया।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, यह बंदर पिछले दो दिनों में तीन लोगों को अपना शिकार बना चुका है। इससे पहले भी बंदर ने इसी इलाके में एक बच्चे और एक राहगीर पर हमला कर उन्हें घायल किया था। लगातार हो रही घटनाओं के कारण खेर माता मंदिर क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। बंदर के बढ़ते आतंक को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग के अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने मांग की है कि इलाके में तुरंत पिंजरा लगाया जाए और हिंसक हो चुके बंदर को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र के लोग सुरक्षित रह सकें।





