समलैंगिक संबंध बनाने का विरोध करने पर गार्ड की नृशंस हत्या
सिर पर चोट लगने के डेढ़ घंटे बाद तक तड़पता रहा गार्ड

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में समलैंगिक संबंध बनाने का विरोध करने पर गार्ड की नृशंस हत्या के मामले में शुक्रवार को क्राइम सीन रीक्रिएशन करवाया गया। डमी पुतले के साथ गिरफ्तार आरोपित ने करीब एक घंटे की वारदात को रीक्रिएट किया। इस दौरान कटारा हिल्स पुलिस ने आरोपित के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का मिलान किया। पुलिस के अनुसार रीक्रिएशन के दौरान आरोपित ने बताया कि घटना वाली रात उसने पहले गार्ड के साथ शराब पी और उसके बाद दोनों ने भोजन किया। नशे की हालत में गार्ड के कमजोर पड़ने पर आरोपित उसे करीब 30 फीट घसीटकर पुलिया के नीचे ले गया, जहां उसने उसकी इच्छा के विरुद्ध समलैंगिक संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों के बीच संघर्ष हुआ।
इस दौरान आरोपित ने उसका सिर एक बड़े पत्थर पर मारकर फोड़ दिया। जिससे लहूलुहान युवक दर्द से तड़पता रहा, लेकिन दरिंदा लगातार उससे समलैंगिक संबंध बनाता रहा और फिर उसी हालात में युवक को छोड़कर चला गया, जिससे कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सामने आया है कि सिर पर चोट लगने के बाद भी पीड़ित की तत्काल मौत नहीं हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद युवक ने दम तोड़ा था। इस बीच पुलिस आरोपित के मोबाइल फोन और डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मिसरोद में रहने वाला आरोपित एचआईवी संक्रमित है। वह एक ऐप के जरिए युवकों से संपर्क करता था। उसके नेटवर्क में करीब 150 युवक थे, जिनमें से करीब 40 लोगों से संबंध बनाने की बात वह स्वीकार कर चुका है। इसके अलावा वह युवतियों से भी दोस्ती करता था। वर्ष 2023 में उसके खिलाफ मिसरोद थाने में कुकर्म का केस दर्ज हुआ था। तभी उसे पहली बार एचआईवी संक्रमित होने की जानकारी मिली थी, लेकिन आरोपित इसके बाद भी लगातार संबंध बनाता रहा।





