hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
जोधपुरराजस्थान

एक दिन के नवजात शिशु को सड़क किनारे लावारिस हालत में रोता- बिलखता छोड़ा 

ममता को शर्मसार करने वाला एक बेहद संवेदनशील मामला

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि राजस्थान/झालावाड़। जिले के मनोहर थाना क्षेत्र में सोमवार को ममता को शर्मसार करने वाला एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। क्षेत्र के टन टोकरी बालाजी मार्ग पर किसी ने एक दिन के नवजात शिशु को सड़क किनारे लावारिस हालत में रोता-खिलखता छोड़ गए। गनीमत रही कि समय रहते वहां से गुजर रहे लोगों की नजर मासूम पर पड़ गई, जिससे उसकी जान बच गई। सूचना पर पहुंची मनोहरथाना थाना पुलिस ने नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया है। इस घटना ने लोगों की संवेदनाओं को झकझोर दिया। प्रत्यक्षदर्शी हेमराज नायक ने बताया कि टन टोकरी बालाजी मार्ग पर सड़क किनारे एक पॉलिथीन के ऊपर खाखरे के पेड़ के पत्ते पड़े हुए थे। उसी पत्तों के ढेर पर एक नवजात शिशु खून से लथपथ हालत में पड़ा जोर-जोर से रो रहा था। इसी दौरान वहां समीप ही काम कर रहे मजदूर और मवेशी चरा रहे ग्वाल मांगीलाल को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। जब वे आवाज की दिशा में पहुंचे तो नजारा देखकर दंग रह गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना मनोहरथाना थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मनोहरथाना थानाधिकारी महेंद्र यादव पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नवजात को तुरंत मनोहरथाना सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सालय के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज चौधरी ने बताया कि नवजात शिशु की नाल भी नहीं काटी हुई थी और वह पूरी तरह खून से लथपथ था। शारीरिक स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि बच्चे का जन्म कुछ समय पूर्व ही हुआ था। फिलहाल नवजात शिशु पूर्णतः स्वस्थ है। उसे आवश्यक उपचार देकर ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से परामर्श किया जा रहा है। बेहतर इलाज और देखभाल के लिए उसे झालावाड़ के पालना गृह में भेजा जाएगा। थानाधिकारी महेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र के आसपास के प्रसूति केंद्रों, अस्पतालों और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नवजात को यहां कौन छोड़कर गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twenty − ten =

Back to top button