
राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के सोहागपुर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुईबांध का एक कथित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में विद्यालय के पूर्व प्राचार्य बृजेशधार द्विवेदी कार्यालय के भीतर कुछ अन्य लोगों के साथ शराब पीते नजर आ रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने वीडियो को पुराना बताया है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रसारित वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि जिस स्थान को शिक्षा का मंदिर माना जाता है, वहां शिक्षक और अधिकारी ही ऐसी गतिविधियों में लिप्त दिखें तो समाज और विद्यार्थियों पर बेहद गलत असर पड़ेगा। राज्य सरकार एक ओर नशा मुक्ति अभियान चला रही है, वहीं सरकारी स्कूल परिसर में इस तरह का वीडियो सामने आने से अभियान की साख पर भी सवाल उठ रहे हैं।





