hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
छत्तीसगढ़

सरकारी जमीन पर गिट्टी निकालने के दौरान पत्थर धंसने से दो युवकों की मौत

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, छत्तीसगढ़ / अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के लांची गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। सरकारी जमीन पर अवैध रूप से गिट्टी निकालने के लिए पत्थर की खोदाई कर रहे दो युवक अचानक पत्थर धंसने से मलबे में दब गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों के शव बाहर निकाले। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान लांची निवासी बाबू लाल (18), पिता धनेसवर सिंह गोड़ और जयपाल (18), पिता जय सिंह गोड़ के रूप में हुई है। दोनों युवक गांव की सरकारी जमीन पर पत्थर तोड़कर गिट्टी बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर मौजूद एक बड़ा पत्थर अचानक टूटकर धंस गया, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए और मलबे के नीचे दब गए।

प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि खोदाई के दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां मिट्टी और पत्थरों का बड़ा हिस्सा धंसा हुआ मिला। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने कुछ समय पहले ही दोनों युवकों को वहां काम करते देखा था और खतरनाक स्थान पर खोदाई नहीं करने की सलाह भी दी थी। युवकों ने कहा था कि वे जल्द लौट जाएंगे, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद यह हादसा हो गया सूरजपुर तहसीलदार सूर्यकांत साय ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक सुबह के समय पत्थर की खोदाई कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध खोदाई क्यों की जा रही थी और वहां खनन गतिविधियां चल रही थीं या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों के साथ-साथ अवैध उत्खनन में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three × one =

Back to top button