लगातार बारिश से कई गांवों का संपर्क टूटा, सड़कें हुई क्षतिग्रस्त
तेज़ धारा में जेसीबी और कार बहने का वीडियो सामने आया

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, बालाघाट/लांजी। जिला मुख्यालय सहित लांजी-किरनापुर क्षेत्र में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने जलमार्गों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है। सोमवार को लांजी-किरनापुर क्षेत्र से एक वीडियो सामने आया, जिसमें किरनापुर-लांजी क्षेत्र से होकर बहने वाली बाघ नदी की तेज धारा में दो वाहन बहते हुए दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक जेसीबी और एक कार शामिल है। नदी में बहते वाहनों को देखने के लिए पुल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, लांजी से महाराष्ट्र को जोड़ने वाली सड़क पर डूडवा के समीप महाराष्ट्र सीमा से लगी बाघ नदी पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हाई लेवल पुल का निर्माण किया जा रहा है। लगभग 150 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण 1017.24 लाख रुपये की लागत से जयरी कंस्ट्रक्शन कंपनी, रायपुर द्वारा कराया जा रहा है। ग्राम अंधियाटोला से गल्लाटोला के बीच बन रहे पुल निर्माण कार्य में लगी मशीनरी नदी किनारे खड़ी थी, जो बाढ़ के पानी में बह गई।
लगातार बारिश के कारण छोटे नाले भी उफान पर हैं। इससे कई गांवों का शहर से संपर्क टूट गया है। वहीं, कुछ स्थानों पर सड़कें भी धंस गई हैं। चालू वर्षा सत्र में बालाघाट जिले में एक जून से 6 जुलाई 2026 तक 280 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में 216 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई थी। जिले की सामान्य वार्षिक औसत वर्षा 1447 मिलीमीटर है। एक जून से छह जुलाई तक 322 मिलीमीटर वर्षा होना सामान्य माना जाता है। भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार, छह जुलाई को सुबह आठ बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में जिले में 29 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।





