hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
भोपालमध्यप्रदेश

सतना से लौट रहे 4 बहनों के इकलौते भाई की हादसे में मौत

भानपुर आउटर पर सिग्नल के इंतजार में ट्रेन से नीचे उतरा था

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। भानपुर रेलवे आउटर पर एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। सतना से रिश्ते के भांजे की शादी में शामिल होकर लौट रहा युवक खड़ी ट्रेन से नीचे उतरा ही था कि दूसरी पटरी से गुजर रही सुपरफास्ट ट्रेन के तेज हवा के झोंके ने उसे कई फीट दूर उछाल दिया। बाहर से शरीर पर कोई गंभीर चोट नजर नहीं आई, लेकिन बाएं हिस्से में आई घातक अंदरूनी चोटें उसकी जान ले गईं। करीब 14 घंटे तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतक चार बहनों का इकलौता भाई था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

छोला मंदिर थाना पुलिस के अनुसार वीरेंद्र कुशवाहा (22) निवासी जगदीशपुर, भोपाल एक निजी कुरियर कंपनी में कार्यरत था। एक जुलाई को वह बैरसिया निवासी रिश्ते के भांजे विशाल कुशवाहा की शादी में शामिल होने सतना गया था। शादी के बाद दो जुलाई को वह अपने दो भाइयों के साथ ट्रेन से भोपाल लौट रहा था।

सुबह करीब 11 बजे उनकी ट्रेन भानपुर आउटर पर सिग्नल नहीं मिलने के कारण रुकी हुई थी। इसी दौरान वीरेंद्र ट्रेन से नीचे उतर गया। तभी समानांतर ट्रैक से तेज रफ्तार सुपरफास्ट ट्रेन गुजरने लगी। मृतक के रिश्ते के भाई ने बताया कि रफ्तार इतनी अधिक थी कि उसकी हवा के तेज झोंके की चपेट में वीरेंद्र आ गया और कुछ फीट दूर जाकर गिर पड़ा। गिरते ही वह दर्द से तड़पने लगा और तेज चिल्लाने लगा। दोनों भाइयों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि उसके शरीर के बाएं हिस्से में कंधे से लेकर पैर तक गंभीर इंटरनल इंजरी हुई थी। बाहरी चोट बिल्कुल भी नहीं थी, लेकिन अंदरूनी क्षति इतनी गंभीर थी कि इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। करीब 14 घंटे बाद उसकी मौत हो गई।

सब इंस्पेक्टर रामप्रसाद भारती ने बताया कि मर्ग जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन से नीचे उतरा और हादसे के दौरान घटनास्थल की स्थिति क्या थी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वीरेंद्र की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। वह चार बहनों का इकलौता भाई था। जिस घर में दो दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहीं अब मातम पसरा है। बेटे की मौत के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

17 − nine =

Back to top button