
राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। जुन्नारदेव थाना क्षेत्र की अंबाड़ा पुलिस चौकी में पदस्थ नगर सैनिक दिलीप बाथे (55) का शव मंगलवार दोपहर में चौकी के एक कमरे में फंदे पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार, दिलीप बाथे ड्यूटी खत्म होने के बाद चौकी में ही थे। उनका शव सबसे पहले चौकी में मौजूद कर्मचारियों ने फंदे पर लटका देखा। इसके बाद साथी नगर सैनिकों ने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएफएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों ने बताया कि दिलीप बाथे पिछले पांच दिनों से घर नहीं गए थे। शुरुआती तौर पर उन्होंने ड्यूटी के दबाव की बात कही है। हालांकि, उन्होंने किसी पर कोई आशंका नहीं जताई है। जानकारी के अनुसार, दिलीप बाथे पिछले करीब 10 वर्षों से अंबाड़ा पुलिस चौकी में पदस्थ थे।अंबाड़ा चौकी प्रभारी संजय सोनवानी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। नगर सैनिक की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। जांच के बाद ही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





