एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में रिटायर्ड जज सास को गिरफ्तार किया:मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गई टीम

भोपाल के एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने उसकी सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। टीम उन्हें मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल ले गई है। इसके बाद गिरिबाला को सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सीबीआई के अधिकारी गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे गिरिबाला के घर पहुंचे थे। करीब 7 घंटे तक पूछताछ करने के बाद शाम 5 बजकर 10 मिनट पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
इससे पहले बुधवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला की अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। हाईकोर्ट ने देर रात 17 पन्नों का आदेश जारी किया। इसमें कहा- मामले की गंभीरता, सबूत और जांच की स्थिति को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना उचित नहीं था।
हाई इंटेंसिटी कैमरे से रिकॉर्डिंग की
आज जांच के दौरान सीबीआई ने गिरिबाला सिंह के घर में हाई इंटेंसिटी 3D कैमरा लगाकर पूरे परिसर की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। आसपास की लोकेशन भी स्कैन की गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटनास्थल किसी पड़ोसी मकान की छत या बालकनी से दिखाई देता है या नहीं।
12 मई की रात हुई थी ट्विशा की मौत
12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स में ट्विशा की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
24 मई को भोपाल AIIMS में दिल्ली AIIMS की टीम ने ट्विशा की डेड बॉडी का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया। इसके बाद शाम को भदभदा श्मशान घाट में ट्विशा का अंतिम संस्कार किया गया। भाई मेजर हर्षित ने मुखाग्नि दी थी।





