
राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भिंड। शहर के देहात थाना अंतर्गत जामना रोड स्थित नयापुरा में बुधवार सुबह एक बंदर के हमले में 50 वर्षीय व्यक्ति घायल हो गया। बंदर ने उस समय हमला किया जब व्यक्ति अपने घर के अंदर शेविंग कर रहा था। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय कमल सिंह जाटव पुत्र छविराम जाटव निवासी नयापुरा जामना रोड बुधवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर में शेविंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक बंदर घर के भीतर घुस आया और उन पर हमला कर दिया। बंदर ने कमल सिंह को काटकर घायल कर दिया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बंदर को भगाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदर को वहां से हटाने में करीब 20 मिनट का समय लगा। इसके बाद स्वजन और स्थानीय लोगों ने घायल कमल सिंह को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर लिया। बंदर के काटने के कारण आवश्यक एंटी-रेबीज उपचार भी शुरू किया गया है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताते हुए वन विभाग और प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





