hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu

भोपालमध्यप्रदेश

सावन में खाद्य पदार्थों में मिलावट, 73 सैंपल अमानक और 25 असुरक्षित

खाद्य पदार्थों में मिलावट ने बढ़ाया खतरा

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल।सावन में पूजा और घरों में उपयोग होने वाले दूध-घी से लेकर पनीर और मावे तक में मिलावट का बड़ा खेल सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के विशेष अभियान में प्रदेशभर से लिए गए 2,605 लीगल नमूनों में से अब तक 680 की जांच रिपोर्ट आई है। इनमें 73 नमूने अमानक और 25 असुरक्षित मिले हैं। सबसे चौंकाने वाली स्थिति घी की है। गोवर्धन, द्वारकेश, शगुन, भूमि, दानेदार, धोलपुर फ्रेश, वास्तु और गोपीश्री सहित कई ब्रांड के घी के नमूने जांच में असुरक्षित पाए गए हैं।रिपोर्ट में घी में पाम ऑयल, वेजिटेबल फैट सहित अन्य मिलावट की पुष्टि हुई है। असुरक्षित घी का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर 20 जुलाई से 25 अगस्त तक चलाए गए विशेष अभियान में खाद्य सुरक्षा टीमों ने करीब 44,407 लीटर दूध और दूध से बने उत्पाद जब्त किए। प्रदेशभर में कार्रवाई के दौरान करीब 11.73 लाख किलो खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत 5.61 करोड़ रुपये है, जब्त की गई। विभाग ने 2,605 लीगल के अलावा 2,037 सर्विलांस नमूने भी लिए। यानी कुल 4,642 नमूनों की जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है।

भोपाल में चले अभियान में घी की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक सामने आई है। 13 नमूने असुरक्षित मिले हैं। जांच में पाम ऑयल, वेजिटेबल फैट और सीसे जैसी मिलावट सामने आने की जानकारी दी गई है। विभाग अब संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश करेगा। अधिकारियों के अनुसार ऐसे मामलों में जुर्माने के साथ छह महीने तक की सजा का प्रावधान है।

अभियान में 25 दिन के भीतर 849 दूध, 601 घी, 296 पनीर, 106 मावा और 382 अन्य दूध उत्पादों के नमूने लिए गए। बाजार में बिक रहे 25 से ज्यादा संदिग्ध घी ब्रांड भी जांच के घेरे में हैं। अमानक पाए गए ब्रांडों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के अनुसार मिलावट पाए जाने पर 18 लाइसेंस-रजिस्ट्रेशन निरस्त किए गए हैं, जबकि धारा 32 के तहत 172 नोटिस जारी किए गए।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 × three =

Check Also
Close