
राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भिंड। बरासों थाना अंतर्गत सटरूका पुरा गांव में सोमवार सुबह एक 24 वर्षीय विवाहिता ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर बरासों थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय सलोनी बघेल पत्नी दीपू बघेल अपने घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे पर लटकी मिली। बताया गया है कि उसका पति दीपू बघेल अहमदाबाद में निजी नौकरी करता है और सोमवार सुबह ही घर लौटा था। घर पहुंचने के कुछ समय बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद के बाद सलोनी गुस्से में दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में चली गई। करीब एक घंटे तक वह नीचे नहीं आई। इस दौरान उसकी चार वर्षीय बेटी रोने लगी तो सास सुनीता बघेल उसे देखने दूसरी मंजिल पर पहुंचीं। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से देखा, जहां सलोनी फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मृतका के भाई अरुण बघेल, निवासी भुजपुरा, ने बताया कि वह सुबह बहन के घर गया था। उस समय पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। उसने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया और वापस भिण्ड लौट आया।
दोपहर में बहन के फांसी लगाने की सूचना मिली। सलोनी अपने पीछे चार वर्षीय बेटी आखी और दो वर्षीय बेटे लव को छोड़ गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।





