इमरान खान को अस्पताल से वापस अडियाला जेल भेजा गया:डॉक्टर बोले- पूर्व पीएम को जेल में रखना सुरक्षित

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद शुक्रवार को इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल से वापस अडियाला जेल भेज दिया गया। जियो न्यूज के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने के बाद 6 डॉक्टरों की टीम ने उनकी मेडिकल जांच की।
जांच के बाद डॉक्टरों ने कहा कि इमरान खान को अस्पताल में भर्ती रखने की जरूरत नहीं है और उन्हें जेल में ही रखा जा सकता है। इसके बाद इमरान खान को कड़ी सुरक्षा के बीच वापस रावलपिंडी की अडियाला जेल ले जाया गया।
अस्पताल लाए जाने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। गुरुवार देर रात उन्हें अडियाला जेल से शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल लाया गया था। इमरान के अस्पताल पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई थी।
अस्पताल की सभी लाइटें बंद कर दी गईं। स्टाफ के मोबाइल फोन भी जमा करा लिए गए और अस्पताल के बाहर मौजूद मीडिया को वहां से हटा दिया गया। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद इमरान को वापस जेल भेज दिया गया।
SC के आदेश के खिलाफ सरकार ने फिर रिव्यू पिटीशन दाखिल की
पाकिस्तान सरकार ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में दोबारा रिव्यू पिटीशन दाखिल की है। इसमें मांग की गई है कि इमरान खान को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल भेजने के आदेश को बदला जाए।
इससे पहले भी सरकार ने इसी मांग को लेकर रिव्यू पिटीशन दाखिल की थी। कोर्ट के रजिस्ट्रार ऑफिस ने जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं होने की वजह से इसे लौटा दिया था।





