आसमान में उठा धुएं का गुबार; दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग
इलाके में मचा हड़कंप

राजधानी दिल्ली में सेंट्रल सचिवालय के नॉर्थ ब्लॉक में सोमवार सुबह मरम्मत कार्य के दौरान अचानक आग लग गई। छत से उठते घने काले धुएं को देखकर वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत मौके पर दमकल की छह गाड़ियां भेजीं। समय रहते की गई कार्रवाई से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। किसी के हताहत होने या कोई बड़ा नुकसान होने की खबर नहीं है।
छत पर लगे AC बॉयलर यूनिट में लगी आग
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, सुबह करीब 11:10 बजे कंट्रोल रूम को एक इमरजेंसी कॉल मिली, जिसमें नॉर्थ ब्लॉक की इमारत से धुआं निकलने की जानकारी दी गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दमकल की छह गाड़ियां रवाना कर दी गईं। जांच में पता चला कि आग छत पर लगे एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम की बॉयलर यूनिट में लगी थी। घटना के समय छत पर मरम्मत और वेल्डिंग का काम चल रहा था, जहां कई मजदूर मौजूद थे। मौके पर मौजूद मजदूरों और वहां पहुंची दमकल टीम ने तुरंत आग बुझा दी।
सांसद मिलिंद देवरा ने सोशल मीडिया पर धुएं की तस्वीर साझा की
घटना के समय, संसद जा रहे शिवसेना सांसद मिलिंद देवरा ने नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से आसमान में उठता काला धुआं देखा। उन्होंने सुबह 11:12 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी एक तस्वीर साझा की। सांसद देवरा ने बताया कि संसद जाते समय उन्होंने नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से घना धुआं निकलते देखा, जिससे आग लगने का अंदेशा हुआ। उन्होंने सभी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और उम्मीद जताई कि आपातकालीन सेवाएं तुरंत राहत कार्य शुरू करेंगी।
