अद्भुत प्रदर्शन से भारत की ताकत देखेगी दुनिया… मिस्र पहुंची IAF की ‘सारंग’ टीम
'ध्रुव' हेलीकॉप्टरों से दिखाएगी हैरतअंगेज हवाई करतब

भारतीय वायु सेना (IAF) की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम मिस्र के प्रतिष्ठित अल अलामीन इंटरनेशनल एयर शो के द्वितीय संस्करण में भाग लेने के लिए पहुंच चुकी है। 8 से 10 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस वैश्विक आयोजन में भारतीय वायु सेना के जांबाज पायलट अपने अद्भुत प्रदर्शन से दुनिया भर के दर्शकों को अचंभित करेंगे।
‘डॉल्फिन लीप’ और ‘स्पॉट स्टॉल टर्न’ से बांधेंगे समां
रक्षा मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, यह एयर शो भारतीय वायु सेना के जांबाज पायलटों की दक्षता के साथ-साथ देश की स्वदेशी एयरोस्पेस क्षमताओं का अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन करेगा। इस आयोजन के दौरान सारंग टीम अपना मशहूर ‘डॉल्फिन लीप’ और हाल ही में शामिल किया गया नया ‘स्पॉट स्टॉल टर्न’ जैसे जोखिम भरे और जटिल हवाई करतब प्रस्तुत करेगी। इस अंतरराष्ट्रीय एयर शो में दुनिया भर की प्रमुख वायु सेनाओं के प्रतिनिधि, रक्षा विशेषज्ञ और विमानन प्रेमी एकत्र हो रहे हैं।
5 हेलीकॉप्टरों से एरोबेटिक्स करने वाली विश्व की एकमात्र टीम
भारत में निर्मित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ से संचालित होने वाली सारंग टीम विश्व की इकलौती ऐसी एरोबेटिक टीम है, जो 5 हेलीकॉप्टरों के साथ एक साथ जटिल फॉर्मेशन में हवाई प्रदर्शन करती है। यह टीम अत्यंत कम दूरी पर एक साथ सटीक उड़ानों, कठिन फॉर्मेशन और तालमेल के साथ किए जाने वाले जोखिम भरे पैंतरों के लिए वैश्विक स्तर पर जानी जाती है।





